बिधूना के कल्याणपुर जागू गांव में सोमवार रात 70 वर्षीय सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक श्याम सिंह का शव आम के पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
औरैया के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव कल्याणपुर जागू में सोमवार रात एक सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक का शव खेत में आम के पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
गांव निवासी 70 वर्षीय श्याम सिंह पुत्र सोवरन सिंह सोमवार शाम घर से निकल गए थे। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। रात करीब 8:50 बजे सूचना मिली कि उनका शव खेत में आम के पेड़ से लटका हुआ है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें नीचे उतारा और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना ले गए।
रात करीब 10:15 बजे अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र अन्नू सिंह भदौरिया समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
विज्ञापन
कोतवाली प्रभारी विनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।