औरैया। डीएम बृजेश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की बैठक कलक्ट्रेट में हुई। इसके तहत जनपद के चयनित गांवों की ग्राम विकास योजना (वीडीपी) की समीक्षा हुई। बैठक के दौरान डीएम ने 42 गांवों की संशोधित ग्राम विकास योजनाओं को पोर्टल पर जनरेट करने की स्वीकृति दी।
बैठक में बताया गया कि योजना के तहत जिले के कुल 174 गांवों का चयन किया गया है। इनमें से 20 गांवों की योजनाएं पूर्व में ही डीएम से अनुमोदित होकर शासन को भेजी जा चुकी हैं। वहीं, 42 गांवों की वीडीपी में संशोधन व स्व-सत्यापन के निर्देश खंड विकास अधिकारियों को दिए गए थे, जिसे पूरा कर लिया गया है। डीएम ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर और गांवों की वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर लागू किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं को भी इसमें शामिल करने का निर्देश दिया। बैठक में सीडीओ राम कृपाल चौधरी, पीडी डीआरडीए मनीष कुमार मौर्या समेत सभी खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।