औरैया। सात साल से बंद ब्लड बैंक को दोबारा संचालित करने की तैयारी जोरशोर से चल रही है। बंद होने के कारण ब्लड बैंक में बने केबिन के स्ट्रक्चर ढीले व शीशों की रबड़ खराब हो गई हैं, उन्हें बदला जा रहा है। कार्य की तेजी को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि दीवाली तक ब्लड बैंक शुरू हो सकता है।
ब्लड बैंक के मुद्दे को अमर उजाला ने अभियान चलाकर छापा। खबर का असर यह रहा कि बीते सप्ताह समीक्षा बैठक में आयुक्त कानपुर मंडल राज शेखर ने इस बाबत जानकारी करने के बाद जिलाधिकारी अभिषेक सिंह से महीने भर में ब्लड बैंक खुलवाने को कहा है। तभी से कार्य में गति दिख रही है। वहीं, कृषि राज्य मंत्री ने खराब हो चुकी मशीनों के कलपुर्जों को बदलने में होने वाले खर्च में मदद का आश्वासन दिया है। साथ ही प्रभारी मंत्री जय कुमार सिंह जैकी ने ब्लड बैंक की प्रगति रिपोर्ट मांगी है। शासन स्तर पर मदद करवाने का आश्वासन दिया है।
उधर, सीएमएस डॉ. लाखन सिंह ने बताया कि ब्लड बैंक को फिर से शुरू करने की प्रक्रिया में तेजी से काम हो रहा है। स्ट्रक्चर व खराब हो चुके शीशों की रबड़ों को बदलने का काम किया जा रहा है। साथ ही खराब हो चुके इलेक्ट्रिक उपकरण की सूची तैयार की जा रही है, जिन्हें जरूरत के हिसाब से बदलने व सही करवाने का काम किया जा सकेगा।