अजीतमल। मरीजों को सहूलियत और सस्ते दामों में सभी जांचें करने के लिए सीएचसी में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) की स्थापना बेमतलब साबित हो रही है।
यहां भवन तैयार है और आधुनिक मशीनें भी आ चुकी हैं, लेकिन इन्हें चलाने के लिए स्पेशलिस्ट व कर्मचारियों की तैनाती नहीं है। ऐसे में मरीजों को जांच के लिए निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है।
ब्लाॅक रोड स्थित सीएचसी के पीछे पड़ी जमीन पर स्वास्थ्य विभाग ने छह महीने पहले लाखों रुपये खर्च कर नई बिल्डिंग तैयार की गई थी। इसमें अलग- अलग जांचों के लिए अलग-अलग कमरों का निर्माण भी किया गया। मरीजों के बैठने के लिए एक हॉल भी बनाया गया है और पैथोलॉजी भी तैयार है, लेकिन स्पेशलिस्ट सहित अन्य स्टाफ की तैनाती नहीं है।
सीएचसी अजीतमल के अधीक्षक डाॅ. अवनीश कुमार ने बताया कि स्पेशलिस्ट और स्टाफ उपलब्ध न होने के चलते कार्य शुरू नहीं हुआ है। स्पेशलिस्ट की तैनाती होते ही खून, पेशाब, बलगम, लिवर, गुर्दे व चर्बी आदि जांचें होना शुरू हो जाएंगी।