फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Auraiya News: आधी-बारिश से दो दिन में 650 गांवों में ब्लैकआउट

विज्ञापन
कुदरकोट में लाइन ठीक करते कर्मचारी। संवाद
विज्ञापन
औरैया। जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया है। जिलेभर में पेड़ उखड़ने और खंभों के धराशायी होने से शहर से ग्रामीण इलाकों तक 24 से 48 घंटे से बिजली गुल है। ककोर स्थित जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट और विकास भवन परिसर की आपूर्ति भी करीब छह घंटे बाधित रही, इससे सरकारी विभागों में कामकाज ठप रहा।
विज्ञापन

विद्युत निगम के मुताबिक, आंधी-बारिश से जिले में करीब 15 खंभे उखड़ गए और दो दर्जन से अधिक स्थानों पर इंसुलेटर खराब हो गए हैं। इससे विभाग को लगभग 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ककोर में फीडर की लाइन पर पेड़ गिरने से कलक्ट्रेट व विकास भवन की बिजली करीब छह घंटे गुल रही। इसके अलावा जनता इंटर कॉलेज ककोर के पास विद्युत लाइन पर पेड़ गिरने से ट्रांसफार्मर नीचे आ गिरा। कर्मचारियों ने पेड़ हटाकर ट्रांसफार्मर स्थापित करने का काम शुरू किया।
दौलतपुर फीडर के उड़नपुरा व आसपास के गांवों में शुक्रवार सुबह से सप्लाई ठप होने से इन्वर्टर डिस्चार्ज हो गए। बिधूना के रूपपुर सहार उपकेंद्र से जुड़े कल्याणपुर, जागू, भासोरा, रावतपुर, बिकूपुर, पुर्वामुले आदि गांवों में 48 घंटे से सप्लाई ठप है। जेई महेंद्र प्रसाद ने बताया कि मिट्टी गीली होने से पोल झुक गए हैं। दिबियापुर के बेला रोड पर बहरे वाली पुलिया के पास पेड़ गिरने से तीनों प्रमुख फीडर गुंजन भगवतीगंज, गुंजन रोड, सैनिक नगर सुबह पांच बजे बंद हो गए। इससे विलराया-पनवाड़ी व औरैया-कन्नौज मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। केबल बॉक्स में चिंगारी निकलने पर एहतियातन बिजली काटी गई।
विज्ञापन

डीएम बृजेश कुमार के निर्देश पर वन, बिजली व नगर पंचायत टीम ने रास्ता खुलवाया। अजीतमल में करीब 30 घंटे से कस्बे के 15 वार्डों और 100 से अधिक गांवों में ब्लैकआउट है। अटसू लाइन ठीक होने के एक घंटे बाद फिर फॉल्ट हो गया। जेई विजय कुमार के अनुसार पेट्रोलिंग जारी है। अछल्दा में डुहल्ला गांव में शुक्रवार रात 11 बजे बबूल का पेड़ गिरने से चार खंभे टूट गए जिनमें से एक-दो खंभे ग्रामीणों के मकानों की दीवारों से जा टकराए। इसके अलावा बिजली गिरने से पावर हाउस का 25 केवी का सुरक्षा ट्रांसफार्मर फुंक गया, जिसे जेई धीरेंद्र कुमार ने दूसरा मंगवाकर बदलवाया।
अछल्दा-अटसू के बीच तीन खंभे टूटने से 33 केवी लाइन में दोबारा फॉल्ट आ गया, इससे 60 गांवों में 35 घंटे से बिजली ठप है। एरवाकटरा में शुक्रवार रात 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन होने से उमरैन, गाजीपुर, समायन, दोबामाफी फीडर बंद हो गए। 130 गांवों में 15 घंटे से अधिक संकट बना रहा।
मकरंदपुर में डबल पोल ट्रांसफार्मर सड़क पर आ गिरा, जबकि सिमरिया में पोल व समायन में पेड़ गिरने से लाइन टूटी। फफूंद व कंचौसी में 400 केवीए ट्रांसफार्मर खराब होने से शनिवार दोपहर तीन बजे तक आपूर्ति ठप रही। कंचौसी व असेनी पावर हाउस से जुड़े 22 से अधिक गांवों में 24 घंटे से बिजली नहीं है।

इन क्षेत्रों में है अंधेरा
अनंतराम क्षेत्र में बडेरा, जगनपुर, शाला, सौनासी, मुडेना रूपशाह, भूरेपुर कला, अमावता, सिकरोड़ी समेत दो दर्जन गांव। कुदरकोट उपकेंद्र के करीब 30 गांव में 24 घंटे से ब्रेकडाउन, कंचौसी व असेनी क्षेत्र के कंचौसी, जमौली, बिहारीपुर, सहायपुर, चंद्रपुर, कंचौसी गांव, बिनपुरापुर, महिपाल पुरवा, नौगवा, अमरपुर, विजई पुरवा, बट्टाहा, सुंदरपुर, रंजीतपुर आदि, ऐरवाकटरा व उमरैन क्षेत्र में कुकरकाट, रमपुरा, ईश्वरपुर, नगला बांस, तुर्कपुर यासीन, जयसिंहपुर कनक, सिमरिया, सुल्तानपुर, किल्लामपुर, ऐरवा कुईली, टीकुर, देईपुर, सूरजपुर उमरैन, बहादुरपुर, फैजुल्लापुर और मकरंदपुर, बिधूना व सहार क्षेत्र में कल्याणपुर, जागू, भासोरा, रावतपुर, बिकूपुर, पुर्वामुले, पुर्वा सुजान व आसपास के पांच दर्जनों गांव, अटसू क्षेत्र के साफर, रहमापुर, बल्लापुर व अटसू नगर क्षेत्र शामिल हैं।
वर्जन
बारिश और आंधी के कारण जिले में करीब 15 खंभे गिरे हैं। दो दर्जन स्थानों पर इंसुलेटर खराब हुए हैं। इससे निगम को लगभग 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। लगातार बारिश होने से मरम्मत कार्य में भीू बाधा आ रही है, फिर भी टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर काम में जुटी हैं। शनिवार रात तक लगभग सभी प्रभावित क्षेत्रों की आपूर्ति सुचारु करा दी जाएगी। -सुनील कुमार, अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम

कुदरकोट में लाइन ठीक करते कर्मचारी। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें