औरैया। मेडिकल कॉलेज में अब बायोप्सी जांच की सुविधा शुरू होगी। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने शासन को इसका प्रस्ताव भेजा है। सुविधा जल्द शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
बायोप्सी जांच से गांठ की समस्या में कैंसर की संभावना का आसानी से पता किया जा सकेगा। इस जांच के लिए मरीजों को अब कानपुर व लखनऊ नहीं जाना पड़ेगा।
मेडिकल कॉलेज की सेंट्रल लैब में इन दिनों 55 तरह की अलग-अलग जांचों की सुविधा दी जा रही है। कैंसर के लिए बायोप्सी जांच के लिए अब मेडिकल कॉलेज ने तैयारी बनाई है। जरूरी उपकरणों व अनुमति के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। बायोप्सी जांच से कैंसर का पता चलता है।
मरीज के शरीर में हुई गांठ के ऊतक का नमूना लेकर इसमें जांचा जाता है। इससे गांठ में कैंसर का पता चल जाता है। गांठ की समस्या होने पर बायोप्सी जांच की डॉक्टर सलाह देते हैं।
अभी तक जिले में इस जांच की सुविधा न होने से मरीजों को कानपुर व लखनऊ जाना पड़ रहा है। देरी से जांच होने पर मरीजों में कैंसर अंतिम स्टेज तक पहुंच जाता है। बताया जा रहा है कि अब जिले में बायोप्सी जांच की सुविधा हो जाने पर लोग समय से जांच करा सकेंगे।