रुरुगंज। कुदरकोट गांव से एक किमी पहले सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान इटावा जनपद निवासी के रूप में हुई।
इटावा जनपद के गांव चकुआ निवासी शिशुपाल शाक्य (35) पुत्र रामप्रकाश की ससुराल कुदरकोट कस्बा निवासी दुर्जन सिंह शाक्य के यहां है। शुक्रवार शाम वह अपने घर से कुदरकोट स्थित अपनी ससुराल आ रहा था। तभी कुदरकोट गांव से एक किमी पहले उसकी बाइक किसी से टकरा गई। हाईवे से निकल रहे राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को बिधूना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। जहां हालत अत्यंत दयनीय व सिर पर गंभीर चोट होने पर उसे सैफई रेफर कर दिया। जहां पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड से कुदरकोट पुलिस ने उसकी पहचान की और परिजनों समेत ससुराल पक्ष को अवगत कराया। हालांकि हादसे की वजह अभी तक पता नहीं चल सकी है।
थानाध्यक्ष पूजा सोलंकी ने बताया कि घायल को उपचार के लिए भेजा गया था। जहां रास्ते में उसने दम तोड़ दिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। (संवाद)