सहार। कन्नौज मार्ग पर सहार बंबा के पास स्कूली बस की बाइक से भिड़ंत हो गई। बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं, साथी घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया है।
कस्बा दिबियापुर स्थित एक स्कूल की बस बच्चों को लेकर कस्बा सहार की ओर जा रही थी। कन्नौज मार्ग पर बस सहार बंबा के पास पहुंची कि बेला की ओर से आई बाइक से भिड़ंत हो गई। बस में मौजूद बच्चों में चीख पुकार मच गई। इधर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना में बाइक से गिरकर घायल हुए निसार अली (32) निवासी अंडा अघारा थाना सहायल और उनके भतीजे लालू को घायलावस्था में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने निसार अली को मृत घोषित कर दिया। लालू ने बताया कि वे तालग्राम कन्नौज गए थे। लौटते वक्त हादसा हुआ। निसार के तीन बच्चे आयत (6), अलीना (4) और अशद (6), पत्नी साहुद बेगम हैं। सहार थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।