जालौन बाईपास चौराहे पर मंगलवार को जिला जजी से मुकदमे की तारीख कर वापस लौट रहे हिस्ट्रीशीटर को अज्ञात बाइक सवारों ने गोली मार दी।
हमले से घायल हिस्ट्रीशीटर रिपोर्ट लिखाने आटो से कोतवाली आ धमका। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया। घायल के बयान पर पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया है।
तिलक नगर मोहल्ले के धीरज अवस्थी शहर कोतवाली में विभिन्न धाराओं में निरुद्ध है। मंगलवार को जिला जजी में वह मुकदमे की तारीख करने को आया था। सुनवाई के बाद वह आटो रिक्शे से वापस जा रहा था। जालौन बाईपास चौराहे पर बाइक सवारों ने उस पर फायरिंग कर दी।
गोली धीरज के कमर पर जा धंसी। फायरिंग करने के बाद बाइक सवार भाग गए, जबकि घायल अवस्था में ही धीरज कोतवाली जा पहुंचा और मौजूद पुलिस को घटना की जानकारी दी।
उप निरीक्षक अनिल त्रिपाठी ने घायल धीरज को पुलिस संरक्षण में जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। घटना की सूचना पाकर तहसील दिवस में मौजूद कोतवाली प्रभारी अजय पाठक ने घटनास्थल का जायजा लिया।
घायल हिस्ट्रीशीटर के लिखित बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में ग्राम क्योंटरा निवासी राहुल पाठक सहित तीन अन्य लोगों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया है।
कोतवाल पाठक ने बताया कि नामजद आरोपियों की धरपकड़ को टीमें रवाना की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक विपुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वह हिस्ट्रीशीटर है, उस पर कई अपराध दर्ज है।