संवाद न्यूज एजेंसी अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर बाइक सवार दंपती को तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बुरी तरह घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर पत्नी को डॉक्टर ने मृत घोषित किया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
इटावा जिले के नौरंगाबाद निवासी शाहनवाज सोमवार सुबह पत्नी अर्शी (25) के साथ बाइक से ससुराल दलेलनगर अजीतमल आ रहा था। जैसे ही वह अजीतमल इंटर कालेज के पास हाईवे पर पहुंचा तभी पीछे से आई एक प्राइवेट बस बाइक में टक्कर मार भाग निकली। टक्कर लगने से दंपती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को सीएचसी ले गए। हेलमेट लगाए होने के कारण शाहनवाज को हल्की चोटें आईं, जबकि अर्शी की सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी शशि भूषण मिश्रा ने बताया की शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है तहरीर मिलने पर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
एक साल पहले हुई थी शादी
शहनवाज ने बताया कि उसकी एक साल पहले शादी हुई थी। वह इटावा में ही कास्मेटिक की दुकान किए है। सोमवार को पत्नी के कहने पर ससुराल आ रहा था। हादसे के बाद अस्पताल पहुंचे परिजन रो-रोकर बेहाल रहे। हादसे की जानकारी पर इटावा और दलेलनगर से परिजन भी पहुंच गए।