औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के से निकले कानपुर-इटावा हाईवे पर शनिवार को सड़क हादसे में जीजा-साले गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा साईं मंदिर के पास हुआ। यहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया।
अयाना थाना क्षेत्र के गांव बीसलपुर निवासी विजय बहादुर अपने साले लखनऊ निवासी जवाहरलाल के साथ बाइक पर सवार होकर औरैया से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक नेशनल हाईवे पर स्थित साईं मंदिर के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर से दोनों बाइक समेत सड़क पर दूर जा गिरे। वारदात को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भागने में सफल रहा। स्थानीय लोगों व एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)