फोटो-25- ऑटो में मौजूद घायल महिला औरबच्चे। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
फफूंद। कस्बा के गोपालपुर चौराहे पर शुक्रवार शाम पत्नी और बच्चों के साथ मौसा के घर शादी समारोह में शामिल होने जा रहे युवक की बाइक रिक्शे से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक उछलकर डिवाइडर से जा टकराया और मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पत्नी, बच्चे और रिक्शा चालक घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी दिबियापुर में भर्ती कराया जहां से पत्नी को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया जहां उसकी भी माैत हो गई। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
इटावा के थाना भरथना क्षेत्र के नगला हीरालाल गांव निवासी सुरजीत निषाद (30) पत्नी श्रीवती, बेटे ऋषभ (7) और बेटी स्वीटी (5) के साथ शुक्रवार को थानाक्षेत्र के दौलतपुर अनंतपुर गांव निवासी मौसा मोहर सिंह के यहां कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे था। गोपालपुर चौराहे पर बने कट के पास बाइक सवार मुढ़ी गांव निवासी दिव्यांग संदीप के रिक्शे से टकरा गई। हादसे में सुरजीत उछल कर डिवाइडर से टकरा गया जबकि पत्नी और बच्चे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सुरजीत के सिर में गहरी चोट आने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं श्रीवती की मेडिकल काॅलेज में माैत हो गई। दोनों बच्चों की हालत नाजुक बनी हुई है। सुरजीत का हेलमेट बाइक के पीछे लटका हुआ मिला।
वहीं हादसे में दिव्यांग को भी चोट आई है। उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद चौराहे पर कुछ देर यातायात बाधित रहा। वहीं घटनास्थल पर कोई संकेतक भी नहीं लगा था। सीओ सृष्टि सिंह ने बताया कि परिजन को हादसे की जानकारी दे दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।