औरैया जिले के मुरादगंज में रविवार देर शाम स्थानीय हाईवे पर वाहन का इंतजार कर रहे सब्जी व्यापारी व ट्रैक्टर चालक को लोडर ने टक्कर मार कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
पुलिस ने लोडर को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। दलेलनगर निवासी मुहम्मद जमील पुत्र अब्दुल लतीफ (65) आसपास के गांवों से आम, कटहल, बेल आदि खरीदकर आगरा व मध्यप्रदेश की मंडियों में ले जाकर बेचते थे। रविवार शाम को भी उन्होंने जलूपुर निवासी गुड्डू यादव पुत्र श्रीराम (38) के ट्रैक्टर पर कटहल लादकर हाईवे पर ले गए थे।
यहां जमील व गुड्डू ट्रैक्टर से टिके खड़े थे और मंडी जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। उसी समय कानपुर की ओर से आए एक लोडर ने उनको टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद अन्य व्यापारियों ने दोनों को इटावा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां से गुड्डू को कानपुर रेफर कर दिया गया जबकि जमील का उपचार इटावा में ही होने लगा। रात करीब 11 बजे जमील व करीब दो बजे गुड्डू ने कानपुर में दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि लोडर को कब्जे में लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।