कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जौरा में छोटे भाई ने बड़े भाई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। मृतक की बहन ने कोतवाली में मामला पंजीकृत कराया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम जौरा निवासी पिंटू पुत्र कैलाश बाबू मंगलवार देर रात घर में परिजनों के साथ बैठा हुआ था। तभी उसका छोटा भाई सुभाष कुमार शराब के नशे में आया और गालीगलौज करने लगा। बड़े भाई पिंटू ने सुभाष को शराब पीने से मना किया तो सुभाष ने मारपीट शुरू कर दी।
भाई के विरोध करने पर गुस्साए सुभाष ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और पिंटू पर प्रहार करना शुरू कर दिया। परिजनों ने सुभाष को पिंटू पर कुल्हाड़ी से प्रहार करते देखा तो बीच बचाव किया, लेकिन तब तक पिंटू दम तोड़ चुका था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना लगते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। कोतवाल विक्रमाजीत सिंह ने पीड़ित से घटना की जानकारी ली। आरोपी भाई को पकड़ने के लिए दबिशें दीं, लेकिन तब तक आरोपी पुलिस की पकड़ से काफी दूर जा चुका था। वहीं बड़े पुत्र की हत्या होने से मां का रो-रोकर बुरा हाल था।
मृतक पिंटू की बहन कंचन ने कोतवाली में छोटे भाई सुभाष के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराया है। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में कोतवाल विक्रमाजीत सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।