सहायल। सहार ब्लॉक के भटौली से शिवगंज गांव को जोड़ने वाला करीब तीन किलोमीटर मार्ग पिछले पांच वर्षों से बदहाल पड़ा है। सड़क में बने गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन गड्ढों में फंसकर या गिरकर लोग चुटहिल हो रहे हैं जबकि जिम्मेदार विभागों की अनदेखी जारी है।
ग्रामीण संतोष सिंह, महेंद्र सिंह, गंधर्व सिंह, अंकित भदौरिया, चुनु चौबे, प्रीतम यादव के मुताबिक यह मार्ग सौंथरा अड्डा से कानपुर लिंक मार्ग को जोड़ता है। इस मार्ग से सौंथरा, पुरवा किशोर, पुरवा बक्सा, शिवगंज, भटौली, पुरवा क्षमा, कुंडरी पुरवा, बरियारे मऊ, पुरवा मका और असू समेत करीब एक दर्जन से ज्यादा गांव जुड़े हैं। इस रास्ते से रोजाना छोटे-बड़े वाहनों के साथ स्कूली वाहन भी गुजरते हैं।
गड्ढों की वजह से मात्र तीन किलोमीटर की दूरी तय करने में ही करीब 30 मिनट तक का समय लग रहा है। सड़क पांच साल से जर्जर है पर अब तक सुध नहीं ली गई। कई बार प्रशासन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को समस्या से अवगत कराया जा चुका है। वहीं भटौली पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि देव शंकर यादव ने कहा कि पीडब्ल्यूडी को कई बार लिखित शिकायत दी गई मगर मरम्मत व निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
वर्जन
सड़क के जर्जर होने की जानकारी है। प्रस्ताव बनाकर भेजा जा चुका है। इस मार्ग का निर्माण जल्द से शुरू कराते हुए ग्रामीणों को सुगम यातायात मुहैया कराया जाएगा। - अलका सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी, निर्माण खंड