विकासखंड सभागार में गुरुवार को क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक का बीडीसी सदस्यों ने बहिष्कार कर दिया। उपजिलाधिकारी को समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने योजनाओं की जानकारी न देने का आरोप लगाया।
गुरुवार को विकासखंड कार्यालय के सभागार में क्षेत्र पंचायत की बैठक होनी थी। शासन की ओर से चलाई जा रही कई योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए विचार विमर्श किया जाना था। कुछ ग्राम प्रधानों ने तो बैठक मेें हिस्सा लिया, लेकिन क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। खंड विकास अधिकारी करुणाकर अदीब ने बताया कि 68 ग्राम पंचायतों के लिए कुल 491.90 करोड़ का बजट तय किया गया है।
वहीं, एडीओ पंचायत सुरेश पांडेय ने बताया कि ग्राम पंचायतों में अब तक 3928 परिवारों को स्वच्छ भारत मिशन के तहत दो करोड़ 35 लाख 68 हजार रुपये खातों में भेजा जा चुका है। साथ ही करीब 80 प्रतिशत शौचालयों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। बाकी निमार्णधीन है।
वहीं, पशु चिकित्साधिकारी कैलाश बाबू ने पशुधन बीमा योजना के बारे में जानकारी दी। सिंचाई विभाग से आए जेई विजय यादव ने बताया कि क्षेत्र में 353 नलकूप संचालित हैं।
इस मौके पर उपजिलाधिकारी विजय प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य सोनू सेंगर, लिपिक सब्बीर बाबू आदि रहे। खंड विकास अधिकारी करुणाकर अदीब ने बताया कि बीडीसी सदस्यों का आरोप है कि ग्राम प्रधान व सचिव बीडीसी सदस्यों को क्रियान्वित योजनाओं के बारे में जानकारी नहीं देते हैं।
उन्होंने ग्राम पंचायत में शासन द्वारा चलाई जाने वाली विकास परक योजनाओं को सभी सामंजस्य के साथ लागू कर ग्राम पंचायत क्षेत्र के विकास करने की अपील की। वहीं, एडीओ पंचायत सुरेश पांडेय ने बताया कि बताया कि बीडीसी सदस्य पत्र दें। उन्हें स्वीकृत पत्र के माध्यम से सारी जानकारी मिल जाएगी।