बिधूना। कस्बे में एक बार फिर बेसमेंट गुलजार हो गए। रोक के बाद भी इन बेसमेंटों में कहीं अस्पताल तो कहीं पर पिज्जा हब चल रहे हैं। वहां पर भारी संख्या में लोग भी जुटते है। इससे किसी भी समय अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता है।
दरअसल, कुछ समय पहले दिल्ली में एक कोचिंग में हुई घटना के बाद बेसमेंट में संचालित होने वाले तीन कोचिंग सेंटर सील हुए थे। साथ ही अस्पताल भी बंद कराए गए थे, लेकिन समय बीतने के बाद कस्बा क्षेत्र में फिर से बेसमेंटों में गतिविधियां शुरू हो गई हैं।
कहीं बेसमेंट में अस्पताल चल रहा है तो कहीं पर पिज्जा हब। इन व्यावसायिक केंद्रों पर लोगों की भीड़ भी जुट रही है। जबकि पिछले बरस जुलाई में दिल्ली में हुई घटना के बाद तत्कालीन एसडीएम हरिश्चंद्र व तत्कालीन सीओ अशोक कुमार सिंह ने बेसमेंट में अस्पताल, पिज्जा हब व कोचिंग सेंटर पर रोक लगा दी थी।
मामला ठंडा होने के बाद बेसमेंट में उनका फिर से संचालन होने लगा है। इससे कभी भी कोई अनहोनी होने की आशंका बढ़ी है। उधर, एसडीएम गरिमा सोनकिया ने बताया कि जांच कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बेसमेंट में अस्पताल आदि संचालित नही हो सकते हैं।