औरैया। बार काउंसिल के उपाध्यक्ष अंकज मिश्रा ने बुधवार को अधिवक्ता मंजुल चौबे के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। साथ ही प्रदेश सरकार से पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दिए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि वह विधान परिषद से हत्यारोपी विधायक की सदस्यता समाप्त कराने की भी मांग उठाएंगे।
बार काउंसिल के उपाध्यक्ष अंकज मिश्रा ने कहा कि घटना के दौरान जो भी पुलिस कर्मचारी मौके पर मौजूद थे निश्चित रुप से वह कहीं न कहीं दोषी हैं। उनके खिलाफ भी सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एक अधिवक्ता की दिनदहाड़े हत्या होना कानून व्यवस्था पर सीधा-सीधा सवाल है। कहा कि राज्य विधि परिषद इसको संज्ञान में लेगी। इस दौरान बार काउंसिल उपाध्यक्ष के साथ जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ शुक्ला व अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।