औरैया। शहर के मोहल्ला ब्रह्मनगर निवासी बैंक मैनेजर बुधवार को बाजार जाने की बात परिजनों से कह कर घर से निकले, लेकिन वापस नहीं पहुंचे। खोजबीन में जुटे परिजन को गुरुवार सुबह उनकी स्कूटी बस स्टैंड समीप पड़ी मिली। मामले में बैंक मैनेजर के छोटे भाई ने सदर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई है।
ब्रह्मनगर मोहल्ला निवासी भूपेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके बड़े भाई शैलेंद्र सिंह (38) दिल्ली में इंडियन ओवरसीज बैंक में मैनेजर हैं। वह इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे। बुधवार शाम चार बजे के करीब वह स्कूटी से बाजार के लिए निकले। देर रात तक घर नहीं लौटे। इस पर उनकी तलाश शुरू की गई। गुरुवार सुबह उनकी स्कूटी बस स्टैंड समीप पड़ी मिली, लेकिन अभी तक उनका कुछ पता नहीं मिल सका है। मोबाइल भी स्विच ऑफ बता रहा है। सदर कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज करते हुए युवक की तलाश शुरू की गई है।