फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Auraiya News: बाबरपुर अजीतमल में 10 साल से नहीं हुई टंकी की सफाई

Tue, 13 Jan 2026 11:19 PM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, औरैया
विज्ञापन
फोटो-25-नगर पंचायत बिधूना में बनी टंकी जो अब जर्जर हो चुकी है। संवाद
विज्ञापन
औरैया। जनता को शुद्ध पानी मुहैया कराने की चिंता तो दूर की बात है, नगर पंचायतों को लोगों की जान की परवाह तक नहीं है। हालात यह हैं कि एक दशक से बाबरपुर अजीतमल में पानी की टंकी की सफाई नहीं कराई गई।
विज्ञापन

वहीं बिधूना में बीते ढाई साल से टंकी की सफाई नहीं हुई। शुद्ध पानी के नाम पर बस क्लोरीन मिलाने का दावा किया जा रहा। हालांकि, यह दावा भी पड़ताल में कई जगह दम तोड़ता मिला।

नगर पंचायत अजीतमल बाबरपुर में दो टंकियों के माध्यम से लोगों को पेयजल की आपूर्ति की जाती है। मंगलवार को पड़ताल के दौरान टंकियों की जो हकीकत सामने आई वह चौंकाने वाली है। आंबेडकर नगर स्थित पानी की टंकी की बीते 10 सालों से सफाई ही नहीं कराई गई। यहां लोगों के घरों तक गंदा पानी पहुंच रहा है, लेकिन किसी को कोई चिंता नहीं है। जबकि नियम है कि प्रत्येक छह माह में पानी की टंकी की सफाई कराई जाएगी।
विज्ञापन

ऐसे में नियमों का पालन तो दूर, नगर पंचायत लोगों की जान भी जोखिम में डाल रही है। हाल ही में इंदौर में हुए हादसे से भी नगर पंचायत ने कोई सबक नहीं लिया। नलकूप ऑपरेटर विनोद कुमार ने बताया कि 10 साल पहले टंकी की सफाई हुई थी, इसके बाद दोबारा कभी सफाई नहीं कराई जा सकी।
उधर, हाल यह है कि शास्त्री नगर समेत कई मोहल्लों में गंदा पानी पहुंच रहा है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। वार्ड के सभासद राहुल तिवारी ने बताया कि लगभग तीन माह पहले बोर्ड की मीटिंग में टंकी सफाई की मांग की गई थी, लेकिन अध्यक्ष ने बजट की कमी का हवाला देते हुए टाल दिया था।

जर्जर टंकी पर पहुंचना मुश्किल, ढाई साल से नहीं चढ़े कर्मचारी
नगर पंचायत बिधूना में भी अव्यवस्था हावी है। यहां दुर्गा मंदिर के पास स्थित टंकी की सफाई तो दूर उस पर चढ़ना ही असंभव है। दरअसल, टंकी की सीढि़यां जर्जर हो चुकी हैं, इनसे मलबा भी गिरता रहता है। ऐसे में बीते ढाई साल में किसी कर्मचारी ने ऊपर चढ़ने की हिम्मत ही नहीं जुटाई।
पंप ऑपरेटर राजेश कुमार ने बताया कि ढाई साल में टंकी के ऊपर कोई नहीं चढ़ा और न सफाई हुई। वहीं गांधीनगर में बनी पानी की टंकी का हाल भी कुछ ऐसा ही है। यहां भी बीते ढाई साल में टंकी की सफाई नहीं हुई। यह हम नहीं खुद पंप ऑपरेटर जगत चौहान ने बताया। वह लंबे समय से यहां तैनात हैं, लेकिन उनके सामने कभी टंकी की सफाई नहीं कराई जा सकी। इतना ही नहीं यहां क्लोरीन डोजर भी नहीं है, ऐसे में सीधे ही पानी की आपूर्ति की जा रही है।

दूषित पानी आ रहा
पानी की आपूर्ति के लेकर लोग शिकायत करते रहते हैं। कई मोहल्लों में दूषित पानी भी आता है। इसके बाद भी टंकियों की सफाई न कराया जाना लापरवाही है। इससे कभी भी लोगों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है।
-अर्पित पोरवाल, बाबरपुर अजीतमल

सफाई का आदेश जारी हो

इंदौर में इतना बड़ा हादसा होने के बाद भी जिम्मेदारों ने पानी की टंकी की सफाई कराने के लिए पहल नहीं की। जिला प्रशासन को संज्ञान लेकर तत्काल जिले की सभी टंकियों की सफाई का आदेश जारी करना चाहिए।
-सिंहराज चौहान, बिधूना

जिम्मेदारों को नहीं जानकारी
नगर पंचायत बाबरपुर अजीतमल की अध्यक्ष आशा चक से जब बात की गई तो उन्होंने पानी की टंकी की सफाई की जानकारी न होने की बात कही। बताया कि क्लोरीन डलवाकर शुद्ध पानी की आपूर्ति कराई जा रही है। वहीं, नगर पंचायत बिधूना के अध्यक्ष आदर्श कुमार मिश्रा ने बताया कि क्लोरीन मिलाकर पानी की आपूर्ति कराई जाएगी। टंकियों की भी सफाई जल्द कराई जाएगी।

फोटो-25-नगर पंचायत बिधूना में बनी टंकी जो अब जर्जर हो चुकी है। संवाद

फोटो-25-नगर पंचायत बिधूना में बनी टंकी जो अब जर्जर हो चुकी है। संवाद

फोटो-25-नगर पंचायत बिधूना में बनी टंकी जो अब जर्जर हो चुकी है। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें