दिबियापुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को जिले में 238.76 करोड़ की 81 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। जबकि 448.65 करोड़ की प्रस्तावित 64 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। कुल लगभग 688 करोड़ की 145 विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने से लोगों में खुशी है। लोगों का मानना है कि इन परियोजनाओं से जिले का तेजी के साथ विकास हो सकेगा।
शनिवार को जिन परियोजनाओं का मुख्यमंत्री ने लोकार्पण किया। स्पोर्ट्स स्टेडियम बढि़न, कानपुर-इटावा रेल सेक्शन (डीएफसीसी रूट) से गुजरे औरैया-बिधूना मार्ग स्थित रेल ओवरब्रिज, मऊ, ठाकुरगांव, अघारा, जीवा सिरसानी, बांधमऊ, सूरजपुर ऐरवा- वीलपुर ऐरवा, सौंथरा-इंगुरा परियोजना का सीएम ने लोकार्पण किया। इसके साथ ही ताजपुर- बिधूना- मुदई समेत 17 ग्राम पंचायतों में ग्रामीण जलापूर्ति परियोजना, दिबियापुर बस स्टेशन, महामाया पॉलिटेक्निक में 60 बेड का छात्रावास, जिलाधिकारी आवास, ड्रग वेयर हाउस रजुआमऊ में वृहद गो-संरक्षण केंद्र, महेवा-अछल्दा मार्ग का चौड़ीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इसी क्रम में 40 ग्राम पंचायतों में वेलनेस सेंटर हेतु कक्ष सखी वन स्टॉप सेंटर, भीखेपुर- जुहीखा मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, औरेया-फफूंंद मार्ग से माल्हेपुर-मिश्रीपुर के मध्य सेंगर नदी पर सेतु के सेतु अंश, पहुंच मार्ग एवं सुरक्षात्मक कार्य समेत 81 परियोजनाएं शामिल हैं। शिलान्यास की गई प्रमुख परियोजनाओं में ईपीसी योजना के अंतर्गत रिजर्व पुलिस लाइन में आवासीय-अनावासीय भवन राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान विधूना एवं अजीतमल में आधुनिक कार्यशाला प्रशिक्षण कक्ष, औरैया तहसील में अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए आवासीय भवन शामिल है। थाना अजीतमल, अयाना एवं कोतवाली में हॉस्टल बैरक एवं विवेचना कक्ष, ककोर-कंचौसी मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, 13 ग्राम पंचायतों में आंगनबाड़ी केंद्र, 14 ग्राम पंचायतों में वेलनेस सेंटर हेतु कक्ष का शिलान्यास किया गया। ग्राम पंचायत कन्हों, बहादुरपुर-सहार, मल्हौसी एवं अनंतराम में बहुउद्देश्यीय पंचायत भवन, ग्राम पंचायत रजुआमऊ, बबीना, सुखचैनपुर, सराय कछवाह, कुदरकोट, बलिदासपुर, कोठीपुर, खानपुर फफूंद, धमसेनी एवं अलीपुर में अंत्येष्टि स्थल समेत 64 परियोजनाओं का निर्माण शामिल हैं।
पिछले काफी समय से हजारों करोड़ की कई परियोजनाएं शासन में लंबित हैं। चुनावी वर्ष होने के कारण मुख्यमंत्री द्वारा इन परियोजनाओं के बारे में घोषणा करने की उम्मीद जताई जा रही थी। लेकिन पूरे भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं का जिक्र नहीं किया। इससे लोग मायूस नजर आए। पचनद संगम स्थल पर बैराज निर्माण, ककोर से जालौन सीमा तक सड़क मार्ग का फोरलेन में चौड़ीकरण, ककोर से बेला तक सड़क का फोरलेन में चौड़ीकरण, बाबरपुर-दिबियापुर-याकूबपुर मार्ग के चौड़ीकरण, दिबियापुर में बाईपास निर्माण की हजारों करोड़ की परियोजनाओं के इस्टीमेट बनाकर शासन में भेजे जा चुके हैं। इन परियोजनाओं की घोषणा होने की उम्मीद जताई जा रही थी।
जुलाई माह में दिबियापुर नहर पुल पर लगाए गए हाइट गेज का ऊपरी हिस्सा मुख्यमंत्री की जनसभा में आने वाली बसों के लिए हटा दिया गया। इससे बसों का कई किलोमीटर का चक्कर बच गया। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार नहर पुल पर लगे हाइट गेज का ऊपरी हिस्सा शनिवार रात लगा दिया जाएगा।