औरैया। जिले में संचालित उर्वरक की दुकानों पर डिजिटल लेनदेन के लिए दुकानदारों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्हें ऑनलाइन भुगतान के बारे में बताया जाएगा। इसे लेकर जिले के खाद्य विक्रेताओं को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इधर, किसानों को भी तकनीक सीखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिले में 518 उर्वरक की दुकानें सक्रिय हैं। इसमें 337 दुकानदार क्यूआर कोड से जुड़ चुके हैं। वंचित दुकानदारों को भी शीघ्र क्यूआर कोड से जुड़ने के दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सरकार लगातार कैशलेस/डिजिटल भुगतान को लेकर प्रेरित कर रही है ताकि लोग अधिक से अधिक ऑनलाइन भुगतान करें। अब भी जिले में कई व्यापारी ऐसे हैं जो डिजिटल भुगतान से नहीं जुड़े हैं। अपर मुख्य सचिव कृषि ने आदेश जारी किया कि सभी उर्वरक व्यवसायियों के यहां पर हर दशा में कैशलेस भुगतान की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही किसानों को डिजिटल भुगतान के लिए प्रेरित किया जाए। जिला कृषि अधिकारी आवेश कुमार ने सभी व्यापारियों को निर्देशित किया है वह डिजिटल भुगतान की तरफ ध्यान दें ताकि सभी को इसका फायदा मिल सके।