बेटियों को सम्मानित करते सदर विधायक रमेश दिवाकर।
- फोटो : AURAIYA
औरैया। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शहर में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरुकता रैली व गोष्ठी का आयोजन किया। इस दौरान विधायक सदर ने बेटियों को जन्म देने वालीं छह महिलाओं को बेटी किट देकर सम्मानित किया गया।
शहर के नगर पालिका इंटर कालेज से जन जागरूकता रैली को सीडीओ अशोक बाबू मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शहर के मुख्य मार्ग दिबियारपुर रोड, सुभाष चौराहा, संजय गेट, इटावा रोड होते होते ब्लॉक परिसर में पहुंचकर रैली का समापन किया गया। इस रैली में छात्राओं के अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिलाएं, आशा, एएनएम आदि मौजूद रहीं।
ब्लाक सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सदर रमेश दिवाकर ने किया। इस कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक ने सात अक्तूबर 2020 से नौ अक्तूबर 2020 के मध्य जन्मी बालिकाओं की माताओं को बेबी किट प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक ने कहा कि शासन की मंशा है कि बालिकाओं को समाज में पूरा सम्मान व हक मिले, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। सीडीओ अशोक बाबू मिश्रा ने कहा कि बालिकाएं अब किसी से कमजोर नहीं हैं। अभिभावक उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ाएं। इस कार्यक्रम को जिला विद्यालय निरीक्षक हृदय नारायण त्रिपाठी, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा. शिशिर पुरी, जिला प्रोबेशन अधिकारी आवेश कुमार सिंह, प्रबंधक क्रॉनिक अकादमी कपिल गुप्ता, आनंद नाथ गुप्ता, मीरा गुप्ता आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन विद्या सिंह सेंगर ने किया।