गोशाला रोड पर खुली दुकानों पर भीड़।
- फोटो : AURAIYA
औरैया। लॉकडाउन के बाद शनिवार को पहली बार बाजार खुले। बाजारों के खुलने से दुकानदारों ने राहत महसूस की। बाजार में ग्रामीण क्षेत्रों से आने वालों की संख्या अधिक देखने को मिली। व्यापारी नेताओं और दुकानदारों का कहना है कि बाजार में व्याप्त आर्थिक संकट धीरे-धीरे ही दूर होगा। सरकार ने एक दिन की साप्ताहिक बंदी का निर्णय सभी दुकानदारों के हित में लिया है।
मालूम हो कि पहले दो दिन की बंदी होने के चलते शनिवार को सड़कों पर सन्नाटा ही देखने को मिलता था। आज शनिवार को बाजारों में चहल-पहल रही। हालांकि सुबह के समय सड़कें सन्नाटे में डूबीं रही। लेकिन दोपहर के समय बाजार खुला होने पर भीड़ देखने को मिली। जेसीज चौराहा, लेडीज मार्केट, तहसील चौराहा, फूलमती मंदिर मार्केट, किराना बाजार, सराफा बाजार में भीड़ रही। किराना व गोशाला रोड पर भीड़ के चलते जाम भी देखने को मिला। हालांकि जाम अधिक देर तक नहीं रहा।
शनिवार को बाजार खुलने से दुकानदारों और व्यापारी नेताओं के चेहरों पर खुशी दिखी। व्यापारी गोविंद गहोई ने बताया कि शनिवार को बाजार खुलने से दुकानदारों ने अपनी दुकानों में माल भरने का काम किया। जिसके चलते उन्हें फुटकर दुकानदारों से आर्डर भी मिला है। शाम तक माल पहुंचाया जाएगा। इधर फुटकर दुकानदारों में मनीष पुरवार, अतुल अग्रवाल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वालों की भीड़ अधिक रही है और रोजमर्रा के सामानों की खरीदारी की गई है। बताया कि पितृपक्ष के चलते कपड़ों का बाजार ठंडा रहा है। थोक की दुकानों पर भीड़ रही है।