अजीतमल। भगवान श्रीराम की जन्म भूमि अयोध्या धाम में आयोजित श्री राम इंटरनेशनल शॉर्ट फिल्म फेस्टीवल में औरैया के फिल्म निर्देशक एसएस राजा की फिल्म ऑमलेट टेस्ट ऑफ लव ने धूम मचा दी है। फिल्म ने सबसे ज्यादा छह कैटेगरी में अवार्ड जीते।
औरैया के ही रहने वाले लेखक और यूट्यूबर विवेक राज को बेस्ट स्टोरी, बेस्ट फीमेल एक्टर का अवॉर्ड फिल्म अभिनेत्री ऐशलेशा वर्मा ने जीता। बेस्ट बैक ग्राउंड म्यूजिक का अवॉर्ड नितिन प्रकाश बादल ने जीता। जबकि एसएस राजा ने बेस्ट परफॉर्मर स्पेशल अवार्ड ऑमलेट टेस्ट ऑफ लव के लिए जीता। बेस्ट मेकअप का अवॉर्ड यशवंत ने जीता।
इसके अलावा अवॉर्ड शो के दौरान ऑमलेट टेस्ट ऑफ लव की टीम से ऑर्गेनाइजर प्रोड्यूसर पंकज गुप्ता, गौरव पोरवाल, संदीप यादव और आकाश दीक्षित को गेस्ट ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया । फिल्म निर्देशक एसएस राजा ने बताया कि ऑमलेट टेस्ट ऑफ लव की कहानी विवेक राज ने लिखी जो शादी के बाद पति-पत्नी के रिश्तों पर आधारित है। इसमें पत्नी-पति से प्यार नहीं कर रही होती है, लेकिन फिर परिस्थितियों और समय के साथ दोनों एक-दूसरे को प्यार करने लगते हैं।
प्रोड्यूसर पंकज गुप्ता ने बताया कि जल्दी ही वो और एसएस राजा मिल कर बैड लव नाम से एक वेब सीरीज का निर्माण करने वाले हैं। श्रीराम इंटरनेशनल फिल्म फेस्टीवल का आयोजन पोस्ट प्रोडक्शन कंपनी और अयोध्या कला और साहित्य कुंभ ने मिलकर किया। शो के आयोजक अंतरिक्ष श्रीवास्तव और ज्यूरी टीम के अध्यक्ष डॉ. राज तिवारी ने ऑमलेट टेस्ट ऑफ लव की टीम को शुभकामनाएं दीं।