हर कोई कोरोना महामारी के बीच जूझ रहा है। ऐसे में सामान्य मरीजों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। मंगलवार को अस्पताल में इलाज और ऑक्सीजन के अभाव में सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत हो गई।
दलेलनगर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक मुस्तहसिन अली काफी दिन से मधुमेह रोग से ग्रसित थे। दो दिन पहले ही शुगर बढ़ने से उनकी हालत बिगड़ गई। ऑक्सीजन लेवल कम होने पर डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर ले जाने की सलाह दी।
शिक्षक के परिजनों का कहना है कि कई दिन प्रयास के बाद भी किसी अस्पताल में जगह खाली नहीं मिली। सोमवार को उन्हें गंभीर हालत में कानपुर देहात के अकबरपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल पहुंचते ही मुस्तहसिन अली का ऑक्सीजन लेवल काफी कम हो गया। ऑक्सीजन की व्यवस्था न हो पाने के कारण मंगलवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।