औरैया कोतवाली में शिकायत करने पहुंचे अधिकारी
- फोटो : amar ujala
औरैया के अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव रजुआमऊ में जल जीवन मिशन योजना के तहत बनाई जाने वाली पानी की टंकी की पैमाइश होनी थी। शनिवार को तहसील से टीम सीमांकन करने पहुंची। इसी बीच ब्लॉक प्रमुख व उनके सहयोगियों ने पुलिस की मौजूदगी में टीम के साथ मारपीट कर दी। मामले में राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर ब्लाक प्रमुख समेत पांच नामजद के अलावा 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शनिवार को गांव रजुआमऊ स्थित गाटा संख्या 181 रकवा 0.345 पर बनाई जाने वाली पानी की टंकी के लिए प्रभारी राजस्व निरीक्षक कृष्णकांत तिवारी, नायब तहसीलदार प्रकाश चौधरी के अलावा प्रमोद पाल व अवनीश लेखपाल के साथ ही दरोगा अमर सिंह व चार सिपाही की टीम पैमाइश के लिए गई थी। इस संबंध में पीडि़त प्रभारी राजस्व निरीक्षक कृष्णकांत ने बताया कि इसकी जानकारी होते ही ब्लॉक प्रमुख अछल्दा शरण राणा, विश्वराज सिंह, अभिषेक सिंह, इंद्रजीत के अलावा 15 अज्ञात लोग मौके पर आ गए।
आरोप है कि जहां ब्लॉक प्रमुख समेत अन्य लोग उससे गाली-गलौज करने लगे। इस पर जब उन्होंने विरोध जताया। तो नामजद समेत अज्ञात लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। प्रभारी राजस्व निरीक्षक ने आरोप लगाया कि ब्लॉक प्रमुख समेत अन्य नामजद आरोपी कहने लगे कि तुम गलत तरीके से पैमाइश कर रहे हो। यहां कोई पानी की टंकी के लिए जगह नहीं है।
पीडि़त ने बताया कि मारपीट होते देख मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार समेत पुलिस कर्मियों ने उसे बचाया। घटना के बाद प्रभारी राजस्व निरीक्षक कृष्णकांत तिवारी नायब तहसीलदार समेत अन्य विभागीय कर्मचारियों के साथ थाना अछल्दा पहुंचे।
जहां पीडि़त राजस्व निरीक्षक ने आरोपी ब्लॉक प्रमुख शरद सिंह राणा, विश्वराज, अभिषेक सिंह, इंद्रजीत निवासीगण गांव रजुआमऊ के अलावा 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने व मारपीट कर व जान से मारने की धमकी देने की तहरीर दी है। थाना प्रभारी राकेश कुमार शर्मा ने बताया राजस्व प्रभारी निरीक्षक की तहरीर पर सभी नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है, कार्रवाई की जा रही है।