अछल्दा। संदिग्ध परिस्थितियों में गुरुवार सुबह अछल्दा के तेहराजपुर स्थित एक घर में महिला का शव कमरे में पंखे में साड़ी के सहारे लटका मिला।
ससुरालियों ने किसी तरह दरवाजा खोला और शव को फंदे से नीचे उतारकर छप्पर के नीचे रखा। मायके पक्ष व पुलिस के आने से पहले वह मौके से भाग गए। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है।
तेहराजपुर गांव के अवधेश कुमार की शादी दो फरवरी 2011 को इटावा, इकदिल के विरारी गांव निवासी राजकुमार की बेटी सरिता देवी (32) से हुई थी। दंपती के दो बेटों में मयंक व नितिन है।
परिजनों ने बताया कि अवधेश शराब का लती था। वह अक्सर शराब के नशे में सरिता के साथ मारपीट करता था। परेशान होकर वह मायके चली गई थी। होली के चलते वह 16 मार्च को पत्नी को घर ले आया था।
23 मार्च को फिर से दंपती के बीच विवाद हुआ। महिला घर के दूसरी मंजिल पर बने कमरे में चली गई थी। अवधेश रात में नीचे ही लेट गया। गुरुवार सुबह सास गीता देवी बहू को जगाने गई तो कमरा अंदर से बंद
था। काफी देर तक अंदर से कोई कोई आवाज न आने पर सास ने परिजनों को जानकारी दी। रोशनदान से अंदर झांककर देखा गया, तो सरिता का शव पंखे पर साड़ी के सहारे लटक रहा था।
परिजनों ने किसी तरह दरवाजा खोला और शव को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद दूसरे मंजिल से शव को नीचे लाए और छप्पर के नीचे रखकर भाग गए। जानकारी पर मायके पक्ष व पुलिस मौके पर पहुंची।
उनको मौके पर ससुराल पक्ष के लोग नहीं मिले। राजकुमार ने बेटी सरिता के ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगा पुलिस को तहरीर दी। आरोप है कि दामाद समेत ससुराल वालों ने मिलकर बेटी के साथ मारपीट की और पंखे पर लटका कर उसकी हत्या कर दी।
अछल्दा थानाध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।
फोटो-24एयूआरपी-52 अछल्दा थाने में नाना-नानी के साथ खड़े मृतका के बच्चे। संवाद - फोटो : AURAIYA