औरैया। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रदेश सरकार ने टीकाकरण बढ़ाने पर जोर दिया है। ऐसे में अफसर लगातार टीकाकरण बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। गुरुवार को सुबह से लेकर शाम तक बारिश होने के कारण लोग घरों से नहीं निकले।
ऐसी स्थिति में विभाग के आंकड़ों में 19775 लोगों को पहली व दूसरी डोज लग गई। एकाएक आंकड़े बढ़ने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, चर्चा रही कि आंकड़े दुरुस्त करने के लिए ऐसा किया गया है। वहीं, कुछ लोग शुक्रवार को यह शिकायत लेकर भी पहुंचे कि उन्हें टीका नहीं लगा और उनके पास मैसेज आ गया है। इस पर अफसर सफाई देते रहे।
पिछले कई माह से ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीके लगाने के लिए विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों के बाद भी जिले भर का आंकड़ा कभी भी छह हजार से ऊपर नहीं पहुंचा। संख्या बढ़ाने के लिए विभाग ने मौसम अच्छा होने पर घर-घर टीमें भी भेजीं।
बावजूद इसके आंकड़ों में कोई अमूल चूल परिवर्तन नहीं हुआ। इधर, दबाव बढ़ा तो विभाग ने आंकड़ेबाजी कर डाली। गुरुवार को दिन भर बारिश होने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग ने 19775 लोगों को टीके लगा दिए। जबकि बारिश के चलते बूथों पर सन्नाटा ही दिखा। एकाएक टीकाकरण के आंकड़े बढ़ने से लोगों को हैरत में डाल दिया है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग के टीकाकरण अभियान पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि राजस्व व शिक्षा विभाग के 28 कर्मचारियों को लगाकर लोगों को दूसरी डोज लगवाने के लिए फोन करके जागरूक किया जा रहा है। इसी का असर है कि संख्या बढ़ी है। इस संबंध में सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि टीकाकरण बढ़ाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। टीकाकरण के लिए घर-घर टीमें भेजी जा रही हैं, आंकड़े सही हैं, किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं की गई है।