फोटो 25 एयूआरपी 41- तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त हुई बस। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर कानपुर से गुरग्राम जा रही एक ट्रैवल्स की बस में कुछ लोगों ने तोड़फोड़ की। बस के चालक ने आठ नामजद समेत अज्ञात लोगों पर रंगदारी मांगने का आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
कोतवाली क्षेत्र के जनेतपुर धोरेरा गांव निवासी राहुल राजपूत ने कोतवाली में तहरीर दी। जिसमें बताया कि रविवार 24 अप्रैल की रात कानपुर से गुरग्राम एक ट्रैवल्स की बस लेकर जा रहा था।
जैसे ही वह मंडी समिति गेट के समीप पहुंचा तो वहां पर कुछ सवारियां चढ़ने लगी। इसी दौरान रजोल दीक्षित अपने कुछ साथियों के साथ आ पहुंचा। उसने परिचालक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप लगाया कि बीच बचाव करने पर उसे भी पीटा। इस दौरान जेब में पड़े 18 हजार 500 रुपये, सोने का लॉकेट कहीं गिर गया। मारपीट होती देख सवारियां भी डर गई।
चालक ने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने बस चलाने के लिए रंगदारी की मांग की है। कोतवाली प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रजोल दीक्षित, शिवम दीक्षित, अक्कू दीक्षित, शिवम अवस्थी, राणू पांडे, अनमोल तिवारी, माधव तोमर, अजय बोड़ सहित कुछ अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है, जांच की जा रही है।