अछल्दा। थाना क्षेत्र के सुभानपुर गांव में शनिवार की रात अन्ना मवेशी खेत में हांकने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया।
मारपीट में दोनों पक्षों के तीन लोगों को चोट आई। पुलिस ने एक पक्ष के दो लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की। जबकि दूसरे पक्ष के लोगों की तलाश में दविश दे रही है।
गांव सुभानपुर में शनिवार की देर रात खेत में अन्ना मवेशी हांकने को लेकर कल्याण सिंह व संजय सिंह, अंकू के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
इस मामले में कल्याण सिंह का कहना है कि संजय सिंह के चाचा की ओर से मनौती को लेकर छोड़े गए अन्ना मवेशी ने उनके खेत में घुसकर गेहूं की फसल को नष्ट किया है। जिससे उन्हें काफी नुकसान हुआ है।
इसका विरोध करने पर उन्होंने मारपीट कर दी। इस मारपीट में दोनों पक्षों से तीनों लोग घायल हो गए। घायल कल्याण सिंह ने थाना पुलिस को घटना की सूचना देते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने कल्याण सिंह व उसके भाई जय सिंह का डॉक्टरी परीक्षण कराया। साथ ही उनके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई भी की। इस संबंध में थानाध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि दूसरे पक्ष के लोगों की तलाश की जा रही है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।