सहायल। थाना क्षेत्र के ताजपुर छौंक स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शनिवार सुबह आर्ट की परीक्षा के दौरान चित्र नहीं बनाने पर प्रधानाध्यापक ने छात्रा को पीट दिया।
आरोप है कि छात्रा ने इसका विरोध किया तो प्रधानाध्यापक ने उसे देख लेने की धमकी भी दी। जिसके बाद पीड़ित छात्रा ने घर जाकर अपने परिजनों को सूचना दी।
जानकारी होने पर विद्यालय पहुंचे परिजनों ने प्रधानाध्यापक को जमकर खरीखोटी सुनकर हंगामा किया। घटना की जानकारी होते ही मौके पर सीओ सिटी व डायल 112 पुलिस पहुंची। जहां सीओ ने छात्रा से पूछताछ की।
शनिवार को थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर छौंक में बने पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने गई छात्रा प्रिया (16) के साथ स्कूल के प्रधानाध्यापक ने मारपीट की।
घटना की सूचना गांव में फैलते ही काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ विद्यालय में जमा हो गई। पीड़ित छात्रा ने बताया कि उसके साथ प्रधानाध्यापक ने विद्यालय के कार्यालय में मारपीट की।
जब उसने इसकी जानकारी परिजनों को देने की बात कही तो प्रधानाध्यापक ने उसे देख लेने की धमकी दी। पीड़ित छात्रा प्रिया की मां आरती देवी पत्नी रामदास ने बताया कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने एक बार पहले भी छात्रा के साथ मारपीट की थी।
जानकारी होने पर स्कूल पहुंचे सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव ने ग्रामीणों व पीड़ित छात्रा के परिजनों से पूछताछ की। इसके साथ ही उच्चाधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देने के साथ ही बीएसए को भी घटना से अवगत कराया।
सीओ सिटी ने बताया कि पढ़ाई न करने पर प्रधानाध्यापक ने छात्रा को थप्पड़ मारे थे। पीड़ित परिजनों की ओर से कोई कार्रवाई न करने की बात कही गई है।
बताया कि इसके बाद भी यदि परिजन कोई तहरीर देंगे तो उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रधानाध्यापक नसीम ने बताया कि आर्ट की परीक्षा थी।
छात्रा बैठी थी, उन्होंने उससे चित्र बनाने के लिए कहा, तो उसने सुना नहीं। इस पर उन्होंने उसे मार दिया, तो छात्रा ने अभद्रता की। बीएसए चंद्रा राम इकबाल ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। वह जांच कराएंगी, यदि प्रधानाध्यापक दोषी होंगे, तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।