बिधूना। बिजली का बिल जमा न करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बुधवार को पुर्वा दला गांव में अवर अभियंता के साथ ग्रामीणों ने मारपीट की थी। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
रूपपुर-कटरा में तैनात अवर अभियंता वीर प्रताप ने कोतवाली बिधूना में तहरीर देकर बताया कि बुधवार को वह अपनी टीम के साथ बिजली का बिल जमा न करने वालों के खिलाफ अभियान चला रहे थे।
पुर्वा दला में 10 हजार के बकायेदार के बिल जमा न करने पर कनेक्शन काटने की बात कहने पर शनी, ऋषि व ब्रजपाल ने उनके साथ गाली-गलौज की।
विरोध करने तीनों ने उसके साथ लाठी-डंडों से पीटा। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी सुजीत वर्मा ने बताया कि जेई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।