अजीतमल। सरकारी धन का कैसे गोलमाल होता है, इसका नमूना देखना है, तो आपको अमावता ग्राम पंचायत में आकर देखना पड़ेगा। यहां 2020-21 में सामुदायिक शौचालय के निर्माण का कार्य पूरा कराए जाने के लिए रिपोर्ट शासन को भेजी जा चुकी है।
यही नहीं शौचालय की देखरेख के लिए केयर टेकर भी नियुक्त कर दिया गया है। जबकि सामुदायिक शौचालय अभी बनकर तैयार नहीं हो सका है। उसे बाहर से ही रंगरोगन करके पूरा दिखा दिया गया है।
ग्राम पंचायत अमावता में स्वच्छता कार्यक्रम के तहत सत्र 2020-21 में चार लाख 65 हजार रुपये सामुदायिक शौचालय के निर्माण को पंचायतीराज विभाग ने जारी किए। इसके पूर्ण होने की रिपोर्ट भी शासन को भेजी जा चुकी है।
उसका पूरा भुगतान भी हो चुका है लेकिन हकीकत में बाहर से रंगाई-पुताई करके सामुदायिक शौचालय को चकाचक कर दिया गया है। अंदर की स्थिति बहुत ही खराब है। शौचालय में अभी तक सीटें नहीं लगी हैं।
पानी आपूर्ति के लिए पाइप लाइन तक नहीं लगी है। टंकियां रखीं हैं लेकिन पानी का इंतजाम नहीं है। जिसके चलते इनमें ताला पड़ा हुआ है। सामुदायिक शौचालय शुरू न होने के बावजूद केयर टेकर की नियुक्त कर दी गई।
ग्राम पंचायत में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी राजबहादुर ने बताया कि पूर्व प्रधान ने कार्य पूर्ण नहीं कराया गया है। कई बार नोटिस भी दिया गया है, अब नए प्रधान को जिम्मेदारी दी गयी है। सप्ताह भर के अंदर ही कार्य पूर्ण करवाकर उसे शुरू करवा दिया जाएगा।
सामुदायिक शौचालय का काम यदि अधूरा है, तो इसकी जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। - अवधेश यादव, खंड विकास अधिकारी
फोटो27एयूआरपी 16 - बिना सीट के शौचालय में लगा सीवर टैंक का पाइप। संवाद- फोटो : AURAIYA