यूक्रेन से परिवार के लोगों से बात करते इंजीनियर ताहिर सिद्दीकी। संवाद
- फोटो : AURAIYA
फफूंद। कस्बे के रहने वाले इंजीनियर अपने दो बेटों के साथ यूक्रेन में फंसे है। घर में लोग उनकी सलामती की दुआएं कर रहे हैं। टीवी पर जंग के दृश्यों देख परिवार के लोग भी दहशत में हैं। इंजीनियर ने यूक्रेन से अपने फोन कर अपने भाई को बताया कि कुछ ही दूरी पर धमाके हो रहे हैं, इमरजेंसी लगी हुई है, हालात ठीक होते ही निकलने का प्रयास करेंगे।
फफूंद निवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता रहे स्वर्गीय मुहम्मद बशीर के पुत्र ताहिर सिद्दीकी यूक्रेन में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं। मोहल्ला जोगियान में रहने वाले भाई तैयब सिद्दीकी व परिवार के तमाम लोग दिन में कई बार वीडियो कॉलिंग के जरिए उनका हालचाल ले रहे हैं।
भाई तैयब ने बताया कि ताहिर ने रूस में ही इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की और वहीं पर नौकरी कर रहे हैं। फोन पर हुई बातचीत में बताया कि वर्तमान में ताहिर यूक्रेन के बाख्मोत शहर में इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं और एक पावर स्टेशन में नौकरी कर रहे हैं।
उनका बेटा उतमान सिद्दीकी यूक्रेन के ही खारकोव शहर में एक अमेरिकन दवा कंपनी में है। दूसरा बेटा अमीर सिद्दीकी यूक्रेन से ही पोलैंड पढ़ने चला गया। ताहिर एक फरवरी को मां के निधन पर वतन लौटे थे और एक सप्ताह फफूंद में रुकने के बाद 12 फरवरी को फिर यूक्रेन वापस चले गए।
शुक्रवार को भाई तैयब से हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि उनका शहर राजधानी कीव से सात सौ किलोमीटर दूर है। उनके शहर में इमरजेंसी लगी हुई है। फिलहाल उनके आसपास कोई युद्ध वाली गतिविधि नहीं है लेकिन ऑफिस से घरों पर ही रहने को कहा गया है। रात में धमाकों की आवाज सुनाई पड़ती है। इधर परिवार के लोगों से हो रही बातचीत में हालात ठीक होते ही वतन वापस आने की बात कही है।