औरैया। ससुराल आए सिपाही की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। सिपाही को गंभीर हालत में कानपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। मृतक सिपाही उन्नाव स्थित काली मिट्टी थाना क्षेत्र में स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में तैनात था। मृतक की जेब में मिले सुसाइड नोट में पत्नी पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।
सिपाही संजय चौधरी (42) पुत्र रमेश चंद्र चौधरी कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र के गांव आलमपुर का रहने वाला था। उसकी औरैया के मोहल्ला पढ़ीन दरवाजा में ससुराल थी।
सोमवार की शाम लगभग पांच बजे मोहल्ले के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे बेहोशी की हालत में सड़क पर पाया था। जहां से पुलिस ने युवक को उठाकर 50 शैया युक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। तलाशी के दौरान पुलिस को कुछ कागज मिले थे। जिसमें पुलिस ट्रेनिंग सेंटर उन्नाव के प्रधानाचार्य के नाम एक पत्र मिला।
जिसमें उसने अपनी पत्नी प्रियंका से पीड़ित होने की पूरी जानकारी लिखते हुए न्याय की गुहार लगाई थी। सोमवार देर रात अस्पताल से डॉक्टरों ने गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया था। हैलट अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद कानपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। बाद में परिजन शव को अपने साथ गांव ले गए। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि सिपाही की मौत होने की जानकारी मिली है। फिलहाल उनके पास पीड़ित परिजनों की तरफ से किसी के भी खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी गई है।