औरैया। एक अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू होगी। इसके लिए एक मार्च तक केंद्रों का निर्धारण कर लिया जाएगा। एजेंसियों से गेहूं खरीद के लिए प्रस्ताव लिए जा रहे हैं। अभी तक 30 स्थानों के लिए प्रस्ताव मिले हैं। गेहूं पैदावार का आकलन करके क्रय केंद्रों की संख्या निर्धारित की जाएगी।
जिले में इस बार एक लाख चार हजार हेक्टेयर में गेहूं की फसल की गई है। आम तौर पर मार्च के अंतिम सप्ताह में गेहूं की फसल तैयार हो जाती है। इसको लेकर जिले में तैयारियां शुरू की गई हैं। शासन की ओर से क्रय केंद्रों का आकलन कर सभी व्यवस्थाएं 10 मार्च तक दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने बताया कि एक मार्च तक एजेंसीवार क्रय केंद्रों का निर्धारण कर 25 मार्च तक उनकी जियो टैगिंग कराई जाएगी।
इसके पूर्व क्रय केंद्रों से एफसीआई के गोदामों तक गेहूं परिवहन का मूवमेंट प्लान भी पांच मार्च तक फाइनल किया जाएगा। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी सुधांशु शेखर चौबे ने बताया कि गेहूं खरीद को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। एजेंसियों से प्रस्ताव लिए जा रहे हैं। एक मार्च तक केंद्रों का निर्धारण कर लिया जाएगा।