अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत टढ़वाविकू में स्थित गोशाला का रविवार रात को अराजकतत्वों ने ताला तोड़ दिया। इससे मवेशी गेट खुला देख गोशाला से भाग गए। गोशाला संचालक ने अराजकतत्वों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
ग्राम पंचायत टढ़वा विकू में स्वर्गीय रामसेवक दुबे समाज सेवा व शिक्षा प्रसार समिति अजीतमल के प्रबंधक शिवमहेश दुबे ने कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि ग्राम पंचायत में स्थित गोशाला समिति की देखरेख में संचालित है। रविवार रात करीब दस बजे गांव के अराजकतत्वों ने गोशाला के गेट का ताला तोड़ने के बाद गेट खोल दिया। गेट खुला देख मवेशी बाहर निकल गए। सेवादारों ने ग्राम प्रधान को जानकारी दी।
ग्राम प्रधान यतींद्र कुमार ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस ने अराजकतत्वों की तलाश की। रात को मवेशी किसानों की फसलों को चट कर गए। सोमवार सुबह प्रधान व प्रबंधक ने मवेशियों को पकड़कर गोशाला में किया। अभी भी छह मवेशी नहीं मिले हैं। अब 60 बचे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।