फोटो-05एयूआरपी-1- बिधूना में बन कर तैयार खड़ा 50 शैया नेत्र चिकित्सालय
- फोटो : AURAIYA
औरैया। बिधूना कस्बे में बन कर तैयार खड़े 50 शैया नेत्र चिकित्सालय में जल्द ओपीडी शुरू होगी। शासन ने एक नेत्र सर्जन की तैनाती कर दी है। इधर, स्वास्थ्य विभाग जल्द नेत्र परीक्षण अधिकारी की भी तैनाती करके अगले सप्ताह तक ओपीडी चालू करने की बात कह रहा है।
करीब सात करोड़ रुपये की लागत से बने नेत्र चिकित्सालय का दिसंबर में लोकार्पण हुआ था। इसके बाद इसे स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया, लेकिन ओपीडी संचालित नहीं हुई। तमाम प्रयासों के बाद अब शासन से जिले में एक नेत्र चिकित्सक की तैनाती की गई है। इसके बाद अब इसके संचालन की उम्मीद जगी है।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि शासन से नेत्र सर्जन डॉ. अनुराग कुमार कश्यप को बिधूना के 50 शैया राममनोहर लोहिया नेत्र चिकित्सालय में तैनाती दी है। अगले सप्ताह तक जो भी खामियां होंगी उन्हें दूर कर ओपीडी चालू करा दी जाएगी। कुछ स्टाफ के साथ नेत्र परीक्षण अधिकारी भी तैनात किया जाएगा। इससे मरीजों को अब इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा।