औरैया। जिले में लंबे अर्से से चिकित्सकों की कमी चल रही है। चिकित्सकों के अभाव में मरीजों को बिना इलाज कराए ही लौटना पड़ता है या फिर निजी अस्पतालों में इलाज कराना पड़ता है। शासन की ओर से हाल ही में नेत्र सर्जन समेत तीन नए डॉक्टरों की तैनाती 50 शैया जिला अस्पताल में की गई है। नए डॉक्टरों के आने से मरीजों को राहत मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होगी।
चिकित्सकों की कमी के चलते शहरवासियों को इलाज कराने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्वास्थ्य महकमे की ओर से कई बार पत्राचार किया गया था, लेकिन लंबे अर्से से डॉक्टरों की तैनाती नहीं हो पा रही थी। लोगों की परेशानी और मांग को देखते हुए तीन विशेषज्ञों की तैनाती की गई है।
सीएमएस डॉ. प्रमोद कटियार ने बताया कि शासन की ओर से नेत्र सर्जन डॉ. अंजली सिंह, जनरल सर्जन डॉ. फिरोज खां व डॉ. लाखन सिंह को तैनात किया गया है। यह लोग ओपीडी में बैठ कर मरीजों को बेहतर सेवाएं देंगे।
शहरी बोले
शहर के ओमनगर निवासी राधिका का कहना है कि अभी तक इलाज कराने के लिए सौ शैया युक्त चिकित्सालय व कानपुर तक की दौड़ लगानी पड़ती थी। नए डॉक्टरों की तैनाती होने से काफी राहत मिलेगी। बनारसीदास निवासी वंदना तोमर का कहना है कि लंबे अर्से से डॉक्टरों की कमी थी। शासन की ओर से तीन नए चिकित्सकों की तैनाती होने से स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होगी। साथ ही लोगों का जिला अस्पताल में ही आसानी से इलाज हो सकेगा।