औरैया। ग्राम पंचायतों में प्रधान, सदस्यों के रिक्त पद पर चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिए गए हैं। ग्राम पंचायतों में 20 दिसंबर को उप चुनाव होंगे।
जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि 12 दिसंबर को सुबह दस से शाम चार बजे तक संबंधित ब्लॉक कार्यालयों पर नामांकन पत्र जमा होंगे। 13 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।14 दिसंबर को सुबह दस बजे से तीन बजे तक नाम वापसी, इसी दिन शाम तीन बजे से कार्य समाप्ति तक प्रतीक चिह्नों का आवंटन होगा। 20 दिसंबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। 21 दिसंबर को मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू होगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि उप चुनाव में ब्लॉक औरैया, एरवाकटरा, सहार, भाग्यनगर व अजीतमल ब्लॉक के 38 पदों पर ग्राम पंचायत सदस्य पद व एक पद पर प्रधान का चुनाव होना है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। आठ दिसंबर से संबंधित ब्लॉक कार्यालयों पर नामांकन पत्रों की बिक्री करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।