फोटो 06एयूआरपी29- 100 शैय्या अस्पताल के बाहर प्रदर्शन करते संविदा कर्मचारी
- फोटो : AURAIYA
औरैया। सात सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे संविदा कर्मचारियों की मांगे पूरी किए जाने का आश्वासन मिला है। जिसको लेकर कर्मियों ने देर शाम हड़ताल समाप्त कर दी।
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर 100 शैया जिला अस्पताल में संविदा कर्मियों ने रोज की तरह भड़ास निकाली। वहीं, जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर भी संविदा कर्मचारियों ने सुबह से विरोध-प्रदर्शन कर हड़ताल जारी रखी। संगठन के अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पूरे दिन संविदा कर्मचारी हड़ताल पर रहे। बताया कि प्रांतीय नेताओं ने लखनऊ में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें सात मांगों में चार मांगें वेतन विसंगति, रिक्त पदों का स्थानांतरण, बीमा पॉलिसी व आउटसोर्सिंग के तहत कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर का समायोजन किए जाने की मांग को मान लिया गया है। शेष तीन शिकायतों के लिए समय लिया गया है। जिसके चलते हड़ताल वापस ली गई है। सभी संविदा कर्मचारी काम पर लौट गए हैं। इधर पूरे दिन रही संविदा कर्मचारियों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं बाधित रहीं। जिसके चलते मरीजों को परेशान होना पड़ा।
फार्मासिस्टों ने काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
20 सूत्री मांगों को लेकर फार्मासिस्टों ने सोमवार से काली पट्टी बांधकर विरोध जताते हुए काम किया। फार्मासिस्ट प्रमोद त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार तक विरोध-प्रदर्शन इसी तरह जारी रहेगा। बताया कि यदि मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तो प्रदर्शन को उग्र रूप दिया जाएगा। धरना-प्रदर्शन के साथ ही वह अनिश्चित कालीन हड़ताल करने के लिए विवश होंगे। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर फार्मासिस्टों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताते हुए आक्रोश जताया।