फोटो 22एयूआरपी17-आक्सीजन प्लांट की फिट की गई मशीनें
- फोटो : AURAIYA
औरैया। चिचौली अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट की मशीनें फिटिंग करने का काम भी शुरू हो चुका है। बुधवार को स्वास्थ्य अधिकारियों ने प्लांट की तैयारियों का निरीक्षण किया। जुलाई माह के अंत तक प्लांट शुरू करने की तैयारी विभागीय अधिकारियों की है।
चिचौली स्थित 100 शैय्या युक्त जिला संयुक्त चिकित्सालय में दो ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने हैं। जिसमें एक ऑक्सीजन प्लांट के लिए आधारभूत संरचना महीनों से बना खड़ा है। बुधवार को आए इंजीनियर और सीएमएस डॉ. कुलदीप कुमार यादव ने प्लांट का निरीक्षण किया। खुले में पड़ीं मशीनों को प्लांट स्थल तक पहुंचाकर इंजीनियर की मौजूदगी में मशीनों की फिटिंग का काम बुधवार को शुरू हुआ। निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉ. कुलदीप कुमार यादव ने शीघ्र प्लांट शुरू करने के निर्देश दिए।
बता दें कि कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के दौरान संक्रमित मरीजों के लिए ऑक्सीजन की दिक्कत को देखते हुए चिचौली अस्पताल में दो ऑक्सीजन प्लांट लगाने की तैयारी की गई थी। जिसमें पहला प्लांट लगाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी हैं।
अधिकारी बोले
इस ऑक्सीजन प्लांट के लगने के बाद दूसरे प्लांट के लगाने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। यह प्लांट इसी माह के अंत तक शुरू कराया जाएगा।
-डॉ. कुलदीप कुमार यादव, सीएमएस