औरैया। दो दिन बाद गुरुवार को जिले में एक कोरोना संक्रमित मिला। अब एक्टिव केस 32 हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि संक्रमण अभी समाप्त नहीं हुआ है। कोविड नियमों का लोग पूरी तरह पालन करें। लापरवाही आने वाले दिनों में भारी पड़ सकती है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि शहर के मोहल्ला तिलक में 43 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित मिला है। संक्रमित युवक को होम आइसोलेशन में रखा गया है। सीएमओ ने बताया कि संक्रमण को नियंत्रण में करने के लिए सैंपल लिए जा रहे हैं। गुरुवार को स्वास्थ्य विभागों की टीमों ने जिले में शिविर लगाकर 2051 सैंपल लिए। सैफई लैब से अभी 650 आरटीपीसीआर सैंपलों की रिपोर्ट आनी बाकी है। अब तक आरटीपीसीआर के एक लाख 93 हजार 249 सैंपल लिए जा चुके हैं।
कोरोना की चपेट में आकर अब तक 184 लोगों की जान जा चुकी है। संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए आठ हॉटस्पॉट क्षेत्र बनाए गए है। होम आइसोलेशन में भर्ती मरीजों की संख्या छह हो गई है। जिले के बाहर के प्राइवेट कोविड अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या 26 है। उन्होंने कहा कि देखने में आ रहा है कि दूसरी लहर के समाप्त होने से लोग लापरवाही बरतने लगे है। यह लापरवाही भारी पड़ सकती है। संक्रमण से बचना है तो मास्क लगाने और सामाजिक दूरी का पालन करना जरूरी है।