दिबियापुर (औरैया)। औरैया-कन्नौज प्रमुख सड़क मार्ग पर स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर एक डंपर केब्रेक फेल हो गए। डंपर आगे जा रही बस और पास से गुजर रही बोलेरो कार से टकरा गया। इस दुर्घटना के बाद एक घंटे तक औरैया-कन्नौज मार्ग पर जाम की स्थिति रही।
सोमवार सुबह दिबियापुर स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर भगदड़ मच गई। यहां तेज गति से जा रहा एक डंपर आगे जा रही बस से जा टकराया। बस के ड्राइवर ने टक्कर लगते ही ब्रेक लगा दी। इसी बीच डंपर एक बोलेरो कार से टकराने के बाद रुक गया। वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने से दोनों ओर जाम लग गया। वाहनों एवं राहगीरों का आवागमन बंद हो गया। सूचना पर दिबियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बमुश्किल बोलेरो हटवाकर एक ओर से आवागमन शुरू कराया। इसके बाद क्रेन मंगाकर डंपर भी हटवाया। करीब एक घंटे की की मशक्कत के बाद यातायात पूरी तरह से बहाल हो सका। प्रभारी निरीक्षक रामसहाय पटेल ने बताया कि डंपर के ब्रेक फेल होने से दुर्घटना हुई। बोलेरो में अधिक नुकसान होने की जानकारी मिली है। हालांकि अभी तक किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।