औरैया। बेला थाना क्षेत्र के पुरवा दानशाह गांव में एक युवक का शव संदिग्ध हालात में साड़ी के सहारे फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने ससुरालियों पर जमीन के लालच में मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच-पड़ताल शुरू की है।
सोमवार सुबह पुरवा दानशाह निवासी रवि कुमार वर्मा (35) का शव कमरे के अंदर फंदे पर लटका मिला। घर वालों को जैसे ही जानकारी मिली तो हड़कंप मच गया। आननफानन में परिजनों ने बेला थाने और सहार चौकी पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक के पिता रामेश्वर दयाल ने बताया कि रवि की शादी कानपुर देहात जिले के रायपुर शिवली निवासी रमाकांती के साथ हुई थी। रवि के दो पुत्रियां व एक पुत्र है। आरोप है कि विगत आठ अप्रैल को रमाकांती असरतपुर (गोसों) निवासी अजय उर्फ दिवारी लाल के साथ प्रेम-प्रसंग होने के चलते चली गई। रवि ने कुछ जमीन अपनी पत्नी के नाम खरीदी थी। इसी को लेकर ससुराल वाले दबाव बना रहे थे और रवि से अक्सर रुपये भी ऐंठते थे।
मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि रविवार की रात रवि के साथ उसके ससुरालियों ने मारपीट कर हत्या कर दी। आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को साड़ी के फंदे से लटका दिया। घटना की जानकारी पर पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर छानबीन की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के पिता ने अजय उर्फ दिवारीलाल, रामशंकर, रमाकांत (नेता) व बलवीर के खिलाफ पुत्र के साथ मारपीट व हत्या कर फांसी पर शव लटकाने की तहरीर दी है।
क्षेत्राधिकारी मुकेश प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता चल सकेगा। जांच के दौरान जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के तहत कार्रवाई की जाएगी।