बेला (औरैया)। याकूबपुर में मंडी के सामने तेज रफ्तार पिकअप ने पैदल जा रहे सेवानिवृत्त फौजी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से फौजी गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। परिजन घायल को इलाज के लिए कानपुर लेकर जा रहे थे। रास्ते में ही फौजी ने दम तोड़ दिया।
थानाक्षेत्र के ग्राम लालगांव निवासी ओमप्रकाश शर्मा (58) सेना में सूबेदार पद से सेवानिवृत्त थे। सोमवार 11 बजे के करीब वह याकूबपुर निवासी अपने पुत्र रमन के घर पैदल जा रहे थे। जैसे ही वे याकूबपुर मंडी के सामने पहुंचे तो पीछे से एक तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे फौजी घायल हो गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना परिजनों समेत थाना पुलिस को दी।
उपनिरीक्षक आशीष भारद्वाज ने पिकअप को कब्जे में लिया है। घायल को परिजन कानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती करने ले जा रहे थे। तभी रास्ते में ही फौजी ने दम तोड़ दिया। पुत्र रमन की सूचना पर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक पप्पू सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शिकायती पत्र मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।