बेला(औरैया)। संक्रमण से बचने के लिए ग्राम पंचायतों में भी सैनिटाइजेशन का काम तेजी पकड़ रहा है। सोमवार के बेला क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में सैनिटाइजेशन कराया गया है। इसके साथ ही लोगों को बीमारी के प्रति सजग रहने की अपील की गई।
सोमवार को बिधूना विकास खंड के कई गांवों में सैनिटाइजेशन का काम चला। बेला सहित क्षेत्र के ग्राम पंचायत मल्हौसी में नालियों की साफ-सफाई के साथ ही ग्राम प्रधान की देखरेख में सैनिटाइजेशन का काम कराया गया। ग्राम प्रधान उर्मिला ने बताया कि गांव में नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही गांव के लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति सजग रहने तथा किसी भी दशा में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बीमार लोगों की पहचान कर उनकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी जा रही है।