औरैया। जिले में एक अप्रैल से गेहूं खरीद शुरू हो गई है। पंचायत चुनाव के चलते सभी सरकारी क्रय केंद्रों पर ई-पॉप मशीनें नहीं पहुंच पाई थी। सोमवार को शेष 52 केंद्रों पर इन मशीनों को पहुंचा दी गईं। क्रय केंद्र प्रभारी ने मशीनों को चेक किया। अब क्रय केंद्रों पर बिचौलिए हावी नहीं हो सकेंगे, क्योंकि किसान स्वयं अंगूठा लगाकर अपना गेहूं बेचेगा।
शासन ने गेहूं खरीद में पारदर्शिता लाने के लिए ई-पॉप (इलेक्ट्रॉनिक प्वाइंट ऑफ परचेज) से खरीद करने के निर्देश दिए थे। जिले में 71 क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद हो रही है। अब तक 22480 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के चलते केवल 19 क्रय केंद्रों पर ही ई-पॉप मशीन से खरीद हो रही थी। सोमवार को बाकी 52 केंद्रों पर भी ई-पॉप मशीन सोमवार को पहुंचा दिया गया।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी सुधांशु शेखर चौबे ने बताया कि उनकी देखरेख में सभी केंद्र प्रभारियों को मशीनें उपलब्ध कराई गईं। इन मशीनों के लगने के बाद केंद्र प्रभारियों को जनसेवा केंद्र पर जाकर फीडिंग नहीं करानी पड़ेगी। किसान के अंगूठा लगाते ही फीडिंग हो जाएगी। इसके अलावा इस मशीन को मात्र 500 मीटर दूरी तक ही ले जाया जा सकेगा। इससे बिचौलियों से भी छुटकारा मिल जाएगा। सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को कोविड गाइड लाइन को ध्यान में रखकर खरीद करने के निर्देश दिए गए हैं।