अजीतमल(औरैया)। कोतवाली पुलिस ने इटावा जनपद से बकरियां चोरी कर ले जा रहे जा रहे कार सवारों को चेकिंग के दौरान रोक लिया। पुलिस के गाड़ी रोकते ही दो लोग मौके से भाग निकले। जबकि पुलिस ने दो को मौके से गिरफ्तार कर लिया। कार से चोरी की नौ बकरे-बकरियां बरामद हुई हैं।
रविवार की सुबह पुलिस गश्त पर थी। इसी बीच सूचना मिली की एक कार में कुछ लोग चोरी की बकरियां लेकर अजीतमल की ओर आ रहे हैं। इस पर थाना प्रभारी राज देव प्रजापति ने ऊंचा चौकी प्रभारी देशराज सिंह के साथ भीकेपुर से जुआ जाने वाले मार्ग पर चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार आती दिखी। पुलिस को देख कार में सवार दो लोग भाग खड़े हुए। जबकि पुलिस ने दो को दबोच लिया। कार से पुलिस ने नौ बकरी-बकरे बरामद किए हैं।
पकड़े गए लोगों ने अपना नाम विकास गुप्ता निवासी बिनौर, थाना सचेंडी कानपुर, आशीष चौहान निवासी कल्याणपुर, कानपुर बताया है। वहीं मौके से भागे लोगों में जावेद निवासी रनियां कानपुर देहात, पवन यादव (कार चालक) निवासी कल्याणपुर, कानपुर बताया गया है। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। थाना प्रभारी राजदेव प्रजापति ने बताया कि कार की डिग्गी व सीट पर बकरे- बकरियां थीं। जिसमें आठ बकरी व एक बकरा है। बरामद बकरियों के बारे में पांच बकरियां इटावा जनपद के थाना बकेवर और चार इटावा के चकरनगर से चोरी करना कबूला है। जबकि अजीतमल से चोरी की गई दो बकरियां इनलोगों ने 10 हजार रुपये में बेचने की बात कही है। कार को सीज कर आरोपियों को जेल भेजा गया है।
कार पर लिखा शिक्षा विभाग, पुलिस कर रही जांच
अजीतमल। बकरियां चोरी कर भाग रहे बदमाशों के साथ पकड़ी गई कार पर शिक्षा विभाग लिखा पाया गया है। पुलिस की अभी तक की जांच में कानपुर निवासी किसी ममता नाम की महिला के नाम कार होने की बात सामने आई है। थाना प्रभारी ने बताया कि कार के बारे में पता किया जा रहा है। कार कहीं चोरी की तो नहीं, इसका भी पता लगाया जा रहा है। आरटीओ से जानकारी मिलने के बाद ही स्थिति साफ होगी।